मुख्यमंत्री योगी से मिले नगर पालिका अध्यक्ष रघुराज सिंह यादव, बिलारी के सर्वांगीण विकास हेतु रखीं 40 करोड़ की मांगें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट करते पालिकाध्यक्ष रघुराज सिंह
विस्तृत समाचार:
आज दिनांक 18 मई 2025 को नगर पालिका परिषद बिलारी के अध्यक्ष रघुराज सिंह यादव ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने नगर के चहुंमुखी विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं और समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के समक्ष कई अहम मांगें रखीं।
रघुराज सिंह यादव ने सबसे पहले नगर में जल निकासी की गंभीर समस्या की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से बड़े नालों के निर्माण की मांग रखी। इसके साथ ही उन्होंने नगरवासियों की मूलभूत आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए एक आधुनिक अंत्येष्टि स्थल के निर्माण का भी प्रस्ताव रखा।
उन्होंने नगर के मुख्य मार्गों की दयनीय स्थिति का उल्लेख करते हुए महाराणा प्रताप चौक से नागलिया मोड़ तक PWD सड़क के पुनर्निर्माण और चौड़ीकरण की मांग की, ताकि आवागमन सुगम हो सके। इसके अतिरिक्त, डूडा योजना के अंतर्गत नगर के विभिन्न वार्डों में लगभग पांच करोड़ की लागत से नई सड़कों के निर्माण की भी जरूरत बताई गई।
नगर को सुंदर, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से अध्यक्ष यादव ने पथ प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सौंदर्यीकरण से जुड़ी परियोजनाओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने नगर पालिका बिलारी को ‘आदर्श नगर पालिका’ के रूप में विकसित करने हेतु कुल 40 करोड़ रुपये की विशेष वित्तीय सहायता की मांग मुख्यमंत्री से की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए नगर के विकास कार्यों में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही, उन्होंने नगर पालिका क्षेत्र के विस्तार प्रस्ताव को भी सैद्धांतिक सहमति प्रदान की, जिससे विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट करते पालिकाध्यक्ष रघुराज सिंह व सभासद देवेश शर्मा
इस मुलाकात के दौरान सभासद संघर्ष समिति के प्रतिनिधि देवेश शर्मा (एडवोकेट) भी उपस्थित रहे। उन्होंने सभासदों के अधिकार बढ़ाने और उन्हें वेतन-भत्ते प्रदान करने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। इस पर मुख्यमंत्री योगी ने शीघ्र विचार कर सभासदों की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।
यह भेंट नगर के विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है और आने वाले समय में बिलारी नगरवासियों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।