देश दुनियां

पटना में शिक्षक कैंडिडेट्स पर पुलिस लाठीचार्ज

प्रदर्शनकारी के हाथ में तिरंगे के बावजूद लाठी बरसाते रहे ADM, इतना पीटा कि खून बहने लगा

पटना में सोमवार को पुलिस ने बेरोजगार शिक्षक कैंडिडेट्स के प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज कर दिया। पटना के ADM केके सिंह ने तिरंगा लिए एक प्रदर्शनकारी पर जमकर लाठी बरसाई। इतनी लाठियां मारीं कि उसका खून बहने लगा। बाद में एक पुलिसकर्मी ने प्रदर्शनकारी से तिरंगा छीन लिया।

नियुक्ति को लेकर किया जा रहा था प्रोटेस्ट
करीब 5 हजार CTET और BTET पास कैंडिडेट डाक बंगला चौराहे पर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया। पटना DM ने इस मामले में जांच का आदेश दिया है और 2 दिन में रिपोर्ट मांगी है। ये कैंडिडेट्स सातवें चरण की नियुक्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। भारी संख्या में पुलिस फोर्स और वाटर कैनन तैनात थी। कैंडिडेट्स बिहार के नए शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी भी कर रहे थे। CTET, BTET पास कैंडिडेट्स सरकार से प्राथमिक विज्ञप्ति जारी करने की मांग कर रहे थे।

प्रदर्शनकारी बोले- हम मेरिट लिस्ट में, सरकार सुनती नहीं
2019 के STET परीक्षा में पास शिक्षक कैंडिडेट्स का कहना है कि हम लोग मेरिट लिस्ट वाले हैं और अभी तक हम लोगों की समस्या सरकार ने नहीं सुलझाई है। नई सरकार बनने के बाद आज हम लोग राजभवन मार्च करने निकले थे, लेकिन पुलिस ने रोक दिया। बावजूद इसके सड़क पर खड़े होकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

बिहार में STET परीक्षा 8 साल बाद हुई थी। नोटिफिकेशन 2019 में जारी किया गया था। जनवरी 2020 में ऑफलाइन मोड में परीक्षा हुई, लेकिन 2-3 सेंटरों पर फर्जीवाड़े की बात सामने आने पर उसे रद्द कर दिया गया। दोबारा परीक्षा सितंबर 2020 में हुई। तब ये ऑनलाइन हुई थी।

3 साल से नियुक्ति का इंतजार, लगातार प्रदर्शन की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि तीन साल से अपॉइंटमेंट का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन शिक्षा मंत्री कोई जवाब नहीं दे रहे हैं। शिक्षा विभाग हमारी मांग को अनसुनी करता आया है। नई सरकार बनने के बाद हम लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है। समस्या जब तक नहीं सुलझेगी, हम लोग ऐसे ही प्रदर्शन करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *