मज़दूर बना 24 घंटे के लिए अरबपति: पत्नी बोली हम सपने संजोने लगे थे।
अकाउंट में आए 31 अरब रुपए, अब 126 रुपए बचे; बोला- बैंक कुछ रुपए तो दे देता
कन्नौज में एक ईंट-भट्ठा मजदूर के खाते में 31 अरब रुपए आ गए। यह जानकर मजदूर को भी विश्वास नहीं हुआ। वह इतना खुश हुआ कि उसने पूरे गांव में शोर मचा दिया। पत्नी भी गहने और गाड़ी-बंगला खरीदने का सपना देखने लगी। खुशी इतनी थी कि मजदूर और उसके परिजन रातभर सो भी नहीं सके।
मजदूर सोमवार सुबह बैंक ऑफ इंडिया अकाउंट चेक कराने पहुंचा तो उसकी खुशियां मायूसी में बदल गईं। पता चला कि उसके खाते में आए सारे रुपए वापस हो गए हैं। अब उसके अकाउंट में महज 126 रुपए ही बचे हुए हैं।
खबर आगे पढ़ें, उससे पहले बैंक का स्टेटमेंट देखिए..
अब मजदूर की जुबानी, खरबपति बनने की कहानी
”बैंक मित्र ने चेक किया खाता, उसकी बोलती हुई बंद”
छिबरामऊ के कमालपुर गांव में रहने वाले 45 साल के बिहारी लाल राजस्थान के एक ईंट-भट्ठे पर ईंट पथाई का काम करते हैं। वे एक दिन में 700 रुपए और महीने में 20 हजार के करीब रुपए कमा लेते हैं। बारिश में ईंट पथाई का काम बंद हो जाता है। इसलिए, वे इस समय अपने गांव लौट आए हैं।
बिहारी लाल बताते हैं, “रविवार को मुझे कुछ रुपए की जरूरत थी। बैंक बंद था, इसलिए गांव में ही बैंक मित्र के पास रुपए निकालने पहुंचा। वहां बैंक मित्र ने मेरा खाता चेक किया तो उसकी बोलती बंद हो गई। कम से कम तीन बार उसने खाता चेक किया। फिर उसने बताया कि मेरे खाते में 31 अरब रुपए आ गए हैं। सुन कर मुझे भी विश्वास नहीं हुआ। उसने बैंक की स्लिप (बैंक स्टेटमेंट) निकाल कर भी दी।
मैंने उसी समय दस हजार रुपए भी निकालने को कहे तो उस समय पैसा नहीं निकला। फिर भी मैं इतना खुश हो गया कि मैंने पूरे गांव में यह बात बता दी। उस समय मैं शराब भी पिए हुआ था। सोमवार को जब मैं बैंक गया तो वहां काफी भीड़ थी। इसलिए, मैंने खाता नहीं चेक किया। शाम को जब फिर बैंक मित्र के पास गया तो उसने बताया कि वे रुपए अब वापस हो चुके हैं। अब मैं फिर से अपना खाता चेक करने बैंक जाऊंगा।”
मैं तो सपने संजोने लगी-सरिता
अकाउंट में 31 अरब रुपए आने के सवाल पर बिहारीलाल की पत्नी सरिता हंस पड़ीं। मगर, उनके चेहरे पर रुपए लौटने का दुख भी था। दुख को छिपाते हुए कहती हैं, “जब पता चला कि इतने ज्यादा रुपए आ गए हैं तो मेरे दिमाग में बस यही बात थी कि मैं अपना एक अच्छा सा घर बना लूं। बेटी सयानी हो गई है, उसकी शादी करवा दूं और बेटे को कुछ काम-धंधा करवा दूंगी। पर अगले दिन ही यह सपना टूट गया। ये (पति बिहारीलाल) पिछले 20 साल से मजदूरी करने राजस्थान जाते हैं। पीने-खाने की भी आदत है। 5 बेटियां हैं और दो बेटे हैं। बड़ा बेटा कुछ करता नहीं है। कभी कभी तो खाना भी ढंग से नसीब नहीं होता है। यही वजह है कि मैं सपने संजोने लगी थी।”
बैंक खाता हो गया है सील
खाते में 31 अरब रुपए आने के बाद बिहारीलाल का खाता सील कर दिया गया है। अब उससे रह रह कर कुछ रुपए भी कट रहे हैं। बिहारीलाल कहते हैं, ”मेरे खाते में रुपए आए थे। उसमें से कुछ हमें तो दे देते। यह बात मैं बैंक अधिकारियों से पूछूंगा।”
बैंक मैनेजर बोले- बैंक मित्र के खिलाफ कार्रवाई करेंगे
बैंक ऑफ इंडिया के बैंक मैनेजर वीरेश चंद्र पाल बताते हैं, “यह भ्रामक खबर है। मैंने उसका एकाउंट चेक किया है। उसमें मात्र 126 रुपए खाते में हैं। यह बिहारीलाल को भ्रमित कर बैंक के प्रति गलत अफवाह फैलाई गई है। जो स्क्रीन शॉट वह दिखा रहा है। वह गलत है। मेरे बैंक का स्क्रीन शॉट अलग है। यह बैंक मित्र की गलती है। उसका विनय कुमार नाम है। उसके खिलाफ हम कार्रवाई करेंगे। बिहारीलाल के खाते में बीते दिनों 2 हजार रुपए ही आए हैं। वह भी प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के हैं।”