मुलायम की पत्नी साधना गुप्ता का निधन
मुलायम की पत्नी साधना गुप्ता का निधन : सांस लेने में दिक्कत होने पर भर्ती कराया गया, गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में ली अंतिम सांस
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता का निधन हो गया। उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने पर 4 दिन पहले गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जहां शनिवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका शव चार्टर प्लेन से लखनऊ लाया जा रहा है। पति मुलायम सिंह आज कुछ देर पहले उन्हें देखने हॉस्पिटल पहुंचे थे। इसके बाद ही उनका निधन हुआ है। साधना गुप्ता को पोस्ट कोविड और फेफड़े का इन्फेक्शन भी था।

साधना पिछले 4 दिनों से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थीं। मुलायम सिंह यादव भी वहीं मौजूद थे। साधना क्रिटिकल ICU-5 में एडमिट थीं। पिछले काफी समय से बीमार चल रही थीं। साधाना साल 2020 में कोरोना वायरस से संक्रमित भी हो गई थीं।
अखिलेश पार्टी कार्यालय पहुंचे
साधना गुप्ता का शव चार्टर प्लेन से लखनऊ लाया जा रहा है। सपा के पार्टी कार्यालय पर अखिलेश यादव मौजूद हैं। सपा नेता पार्टी कार्यालय पर पहुंचने लगे हैं। जहां साधना के शव का इंतजार किया जा रहा है।
मुलायम से 20 साल छोटी थीं
साधना गुप्ता औरैया के विधूना की रहने वाली थीं। वह मुलायम से 20 साल छोटी थीं और उनकी दूसरी पत्नी थीं। साधना गुप्ता भाजपा नेत्री अपर्णा यादव की सास और प्रतीक यादव की मां थीं।
साधना गुप्ता के निधन पर शोक
यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने साधना के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ”पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता के निधन का दुखद समाचार मिला। प्रभू पुण्य आत्मा को अपने श्री चरणों में जगह दें। मुलायम सिंह और परिजनों को ये दुख सहन करने की क्षमता दें।”