FACTUM: मौन व्रत धारण कर सपाइयों ने भाजपा सरकार पर लगाए अनसुना किए जाने के आरोप | LATEST NEWS
प्रदेश के कई मुद्दों को लेकर सपाइयों ने धारण किया मौन व्रत
बिलारी। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, विश्वविद्यालयों में छात्रों की बढ़ी फीस, बढ़ते अपराधों के विरोध में और किसानों के साथ हो रहे अन्याय और उनकी समस्याओं बाढ़, सूखा, खराब स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विधायक मोहम्मद फहीम इरफान के नेतृत्व में मौन धारण किया।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 153 वीं जयंती के मौके पर सपा कैंप कार्यालय एमआई हाउस पर महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया और उसके बाद मौन व्रत धारण कर सपाई बैठ गए।
मौन व्रत धारण करने से पहले विधायक मोहम्मद फहीम इरफान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा में समाजवादी पार्टी ने जब-जब जनता के मुद्दों महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था का मामला उठाया, सरकार ने अनसुना किया। प्रदेश में कानून का राज नहीं है। भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। आज आम जनता गरीब, किसान, नौजवान की आवाज सुनने वाला कोई नहीं है। भाजपा सरकार ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खां के साथ अन्याय और जुल्म की इंतेहा कर दी है। आजम खां का अपमान और उत्पीड़न किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार राजनीतिक द्वेष भावना से नेताओं और कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमें लगा कर प्रताड़ित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी वर्गो के साथ अन्याय और शोषण हो रहा है।
आज प्रदेश में कुछ जिलों में सूखा है तो कुछ जिलों में बाढ़ आ गयी है। किसानों की फसल सूखा और बाढ़ से बड़े पैमाने पर बर्बाद हो गयी। इधर लंपी बीमारी से बड़े पैमाने पर गायों की जान गयी है। किसानों के गन्ने का भुगतान नहीं हुआ। कई जिलों में खाद और खेती से जुड़ी वस्तुओं का इंतजाम नहीं हो पाया है।
बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। नौजवानों को नौकरी रोजगार का इंतजार है। इलाहाबाद में फीस वृद्धि के खिलाफ लगातार छात्र नौजवान आंदोलित है। विश्वविद्यालय ने उनकी फीस चार पांच सौ गुना बढ़ा दी। लोगों की आमदनी नहीं हो रही है। नौकरी, रोजगार नहीं है।
इसके अलावा कानपुर में हुए दुखद हादसे पर भी शोक व्यक्त करते हुए मृतकों की आत्मा की शांति के लिए भी दुआ की। इस दौरान हाजी इकबाल अंसारी, इब्ने हसन, खबरउद्दीन, मोहम्मद फुरकान, साकिर हुसैन, दिलशाद, हाजी मुशर्रफ, जद्दन, कर्रार, कुर्बान, मोहम्मद फारुख ,मनोज गुप्ता, प्रशांत गुप्ता, सुभान अली, शिशुपाल यादव, अनिल कुमार, शिवपाल सिंह, सचिन, आमिल सिद्दीकी, उस्मान इदरीसी, संजीव, गौसिया, शबनम, प्रीति, जरीफ अंसारी ,आलम कुरेशी ,सानू, बब्बू, ममता, ताइबा, मोनू, सोनू आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।